{"_id":"6b0922e565ce200da3095bb6","slug":"punjab-government-extends-support-to-cow-shelters-rs-100-crore-sanctioned-2026-11-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब सरकार की गोशालाओं को मदद: चारे-दवाओं के लिए 100 करोड़ मंजूर, प्रति पशु 4538 रुपये देगी सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब सरकार की गोशालाओं को मदद: चारे-दवाओं के लिए 100 करोड़ मंजूर, प्रति पशु 4538 रुपये देगी सरकार
Fri, 27 Nov 2026 11:59 AM IST
Nivedita
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: Nivedita
Updated Fri, 27 Nov 2026 11:59 AM IST
सार
पंजाब में गायों की देखभाल के लिए 100 करोड़ का फंड मंजूर किया गया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित गोशालाओं को भी सरकारी आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे करीब 2.20 लाख पशुओं के लिए चारे और दवाओं की व्यवस्था करना आसान होगा।विस्तार में पढ़ें।
विज्ञापन
पत्रकारों से बात करते मंत्री अमन अरोड़ा
- फोटो : X @AAPPunjab
विस्तार
पंजाब सरकार ने राज्य की गोशालाओं में पशुधन की देखभाल और उनके रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया है। इस राशि से प्रदेश की करीब 500 गोशालाओं और 20 कैटल पौंड को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि गोशालाओं का संचालन कर रहे लोगों को लंबे समय से पशुओं की देखभाल और उनके रखरखाव में आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सरकार ने उनकी समस्याओं को देखते हुए 100 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि जल्द ही जिलों के माध्यम से गोशालाओं तक पहुंचाई जाएगी।
विज्ञापन
अरोड़ा ने बताया कि अब तक मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों की गोशालाओं को ही सरकारी सहायता मिल रही थी। इनमें से 228 गोशालाओं को फंड दिया जा रहा था, जबकि 278 गोशालाएं इस सुविधा से वंचित थीं। शहरों में नगर निकायों के माध्यम से गौशालाओं की देखभाल के लिए राशि उपलब्ध हो जाती थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की गोशालाओं को आर्थिक सहायता नहीं मिल पाती थी। इसी कमी को दूर करने के लिए सरकार ने अब ग्रामीण गोशालाओं को भी फंड देने का फैसला किया है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि प्रति पशु 4538 रुपये के हिसाब से राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस पैसे का इस्तेमाल पशुओं के लिए चारा, दवाइयों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों की गोशालाओं के लिए राशि नगर निकायों के माध्यम से जारी होगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की गोशालाओं के लिए फंड संबंधित डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से भेजा जाएगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि गोशालाओं के बिजली बिल पहले ही माफ किए जा चुके हैं। इसके अलावा बिजली बिलों का बकाया भी माफ कर दिया गया है। सरकार का दावा है कि नए फंड से गोशालाओं के संचालन और पशुधन की देखभाल में आ रही आर्थिक परेशानियां काफी हद तक दूर होंगी।
