{"_id":"6b0669a71c4a8a54cc00f969","slug":"video-mandi-dev-deepawali-2100-diyas-beas-river-dugli-ghat-2026-11-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: छोटी काशी मंडी में देव दीपावली की धूम, ब्यास तट पर 2100 दीपों से जगमगाया डुगली घाट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: छोटी काशी मंडी में देव दीपावली की धूम, ब्यास तट पर 2100 दीपों से जगमगाया डुगली घाट
Ankesh Dogra
Updated Wed, 25 Nov 2026 10:53 AM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्यास नदी के तट पर स्थित डुगली घाट में 2100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और ब्यास नदी का किनारा भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने भाग लिया। लोगों ने दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई और धार्मिक परंपरा के साक्षी बने।
मंडी में काशी की तर्ज पर देव दीपावली मनाने की परंपरा चार वर्ष पहले शुरू हुई थी। बाबा भूतनाथ मठ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती और ब्यास आरती कमेटी की पहल पर इस आयोजन की शुरुआत की गई थी।
तब से डुगली घाट पर स्थानीय युवाओं की ओर से नियमित रूप से ब्यास नदी की आरती की जा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का आयोजन किया जाता है। खास बात यह है कि हर साल दीपों की संख्या बढ़ाकर आयोजन को और भव्य बनाया जा रहा है।
इस वर्ष के आयोजन में बाबा भूतनाथ मठ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती और नगर निगम के पूर्व आयुक्त एचएस राणा विशेष रूप से मौजूद रहे।
एचएस राणा ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मंडी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देते हैं। हर साल दीपों की संख्या बढ़ने के साथ लोगों का उत्साह भी लगातार बढ़ रहा है।
ब्यास आरती कमेटी के उपाध्यक्ष सरोज ठाकुर ने बताया कि पहले वर्ष 800 दीप जलाए गए थे। दूसरे वर्ष यह संख्या 1100 और तीसरे वर्ष 1500 तक पहुंची। इस वर्ष 2100 दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई गई।
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं के सहयोग से ब्यास आरती की परंपरा लगातार जारी है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
देव दीपावली हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है। यह कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीपावली के लगभग 15 दिन बाद मनाई जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है।
धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दीपदान और पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है। मंडी में ब्यास नदी के तट पर आयोजित इस दीपोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ शहर की सांस्कृतिक परंपरा को भी एक नई पहचान दी है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।