यूपी : हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द, मुंशीराम की याचिका स्वीकार
बिजनौर की नेहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाले राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी मुंशीराम की याचिका स्वीकार करते हुए न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की अदालत ने यह फैसला सुनाया। याचिका में नामांकन पत्र में पांच वर्ष की आय का पूरा ब्योरा नहीं देने और मतगणना में अनियमितता के आरोप लगाए गए थे।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वर्ष 2022 में बिजनौर की नेहटौर विधानसभा सीट से जीते भाजपा विधायक ओम कुमार का चुनाव निरस्त कर दिया है। यह फैसला न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की अदालत ने राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी रहे मुंशीराम की चुनाव याचिका स्वीकार करते हुए दिया है।
याची के अधिवक्ता एनके पांडेय ने बताया कि मुंशीराम में ओम कुमार के चुनाव की वैधता को चुनौती देते हुए वर्ष 2022 में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका में आरोप लगाया कि ओम कुमार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार पांच वर्ष की आय का ब्यौरा नहीं दिया, केवल एक साल का दिया है।
इसी आधार पर नामांकन अस्वीकार कर देना चाहिए। साथ ही यह भी कहना है कि जीत का अंतर मात्र 258 वोट का है। सीनियर सिटीजन व डाक मतों की गणना में गड़बड़ी की गई है। दो बूथ की मशीन सही नहीं थी तो वीवीपैट से मतगणना की गई। इसमें भी धांधली की गई है।
नामांकन पत्र में कई काॅलम खाली छोड़ दिए गए। इस आधार पर नामांकन नियमानुसार नहीं होने के कारण चुनाव रद्द किया जाए। करीब चार साल चली सुनवाई के बाद बृहस्पतिवार को कोर्ट ने मुंशीराम की चुनाव याचिका स्वीकार कर ली।
