Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Agra College Protests Against Metro Administration, Gives 24-Hour Ultimatum Over Land and Playground

यूपी: आगरा मेट्रो के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र और शिक्षक, एमजी रोड पर किया प्रदर्शन; थम गई वाहनों की रफ्तार

Fri, 27 Nov 2026 02:55 PM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा Published by: Dhirendra Singh Updated Fri, 27 Nov 2026 02:55 PM IST
सार

आगरा कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने खेल मैदान पर कथित अनधिकृत पार्किंग निर्माण और कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के विरोध में प्रदर्शन किया। एमजी रोड पर भी प्रदर्शन हुआ, जिससे कुछ समय यातायात प्रभावित रहा।
 

विज्ञापन
Agra College Protests Against Metro Administration, Gives 24-Hour Ultimatum Over Land and Playground
आगरा मेट्रो के खिलाफ प्रदर्शन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

आगरा कॉलेज के ऐतिहासिक खेल मैदान और कॉलेज की भूमि पर मेट्रो प्रशासन द्वारा कथित रूप से अनधिकृत कब्जा कर पार्किंग निर्माण किए जाने तथा कॉलेज की संपत्ति को क्षति पहुँचाने के विरोध में आज स्टाफ क्लब, आगरा कॉलेज के नेतृत्व में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज की भूमि एवं संपत्ति की सुरक्षा, खेल मैदान को विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने तथा कॉलेज के एक शिक्षक के साथ मेट्रो कर्मचारियों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन




सुबह लगभग 11 बजे आगरा कॉलेज परिसर से शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च प्रारंभ किया, जो राजामंडी मेट्रो स्टेशन स्थित आगरा कॉलेज के खेल मैदान तक पहुँचा। यहाँ प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो प्रशासन द्वारा कॉलेज की भूमि पर अनधिकृत रूप से पार्किंग निर्माण और संपत्ति को नुकसान पहुँचाए जाने का विरोध किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि, खेल मैदान और संस्थागत संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो कॉरपोरेशन से पूर्व में दिए गए दस बिंदुओं पर लिखित आश्वासन को बिना शर्त स्वीकार करने की मांग की।
विज्ञापन


यह भी बताया गया कि मेट्रो निर्माण कार्य के पिछले लगभग तीन वर्षों से आगरा कॉलेज के छात्र-छात्राएँ अपने ऐतिहासिक खेल मैदान में खेलकूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों से वंचित हैं, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान मेट्रो प्रशासन के अधिकारियों के वार्ता के लिए उपस्थित न होने पर छात्रों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने एमजी रोड पर पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम धरना स्थल पर पहुँचे और उन्होंने मेट्रो परियोजना के परियोजना निदेशक श्री अरविंद कुमार राय से वार्ता की। प्राचार्य कार्यालय में मेट्रो प्रशासन और कॉलेज प्रशासन के बीच वार्ता जारी रही।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को आश्वस्त किया कि कॉलेज की भूमि, खेल मैदान और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर कॉलेज प्रशासन गंभीरता से अपना पक्ष रखेगा। वार्ता के बाद मेट्रो प्रशासन को कॉलेज की सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने और पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासनों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अगले दिन तक के लिए धरना स्थगित कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक वार्ता और मांगों के अनुरूप ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो शिक्षक और छात्र संगठन आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कॉलेज की एक इंच अतिरिक्त भूमि भी मेट्रो प्रशासन अथवा किसी अन्य एजेंसी को नहीं लेने दी जाएगी और वे कॉलेज की ऐतिहासिक भूमि, खेल मैदान एवं संस्थागत संपत्ति की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को प्रतिबद्ध हैं।


इस प्रदर्शन का नेतृत्व स्टाफ क्लब, आगरा कॉलेज के सचिव डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed