Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Rajasthan Gets 26 Women Zila Pramukhs in 37 Districts

राजस्थान: 37 में से 26 जिला परिषदों में महिलाओं का दबदबा, औसत उम्र भी पुरुषों से 12 साल कम

Fri, 27 Nov 2026 08:18 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Fri, 27 Nov 2026 08:18 AM IST
सार

राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव में महिलाओं ने आरक्षण से आगे बढ़कर अपनी ताकत दिखाई। 37 में से 26 जिलों में महिलाएं जिला प्रमुख बनीं। जैसलमेर की संतोष और झालावाड़ की वर्षा 21 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचीं।

विज्ञापन
Rajasthan Gets 26 Women Zila Pramukhs in 37 Districts
महिला जिला प्रमुख - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में इस बार महिलाओं ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में प्रदेश के 37 जिलों में से 26 की कमान महिलाओं के हाथ में आई है। यानी जिला परिषदों में हर तीन में से दो जिला प्रमुख महिलाएं हैं। खास बात यह है कि महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण होने के बावजूद उन्होंने आरक्षित पदों से आगे बढ़कर सात अतिरिक्त जिलों में जीत दर्ज की। जैसलमेर और झालावाड़ में महज 21 साल की उम्र में महिलाएं जिला प्रमुख बनी हैं, तो झुंझुनूं और ब्यावर में 22 साल की उम्र में महिलाओं ने नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली है।

विज्ञापन

इस चुनाव में महिलाओं की जीत केवल संख्या तक सीमित नहीं है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने महिला प्रत्याशियों पर भरोसा जताया, लेकिन उन्हें जीत में बदलने के मामले में कांग्रेस आगे रही। कांग्रेस ने 26 महिलाओं को टिकट दिया था, जिनमें से 18 जिला प्रमुख बनीं। वहीं, भाजपा ने 17 महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा और सात को जीत मिली। कांग्रेस की महिला प्रत्याशियों का जीत प्रतिशत करीब 69 रहा, जबकि भाजपा का करीब 41 प्रतिशत रहा।

विज्ञापन

आरक्षण से आगे निकलीं महिलाएं, 19 की जगह 26 जिलों में संभाली कमान

जिला प्रमुख चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण था। इस हिसाब से 37 जिलों में करीब 18 से 19 पद महिलाओं के हिस्से में आने थे। लेकिन नतीजों में 26 महिलाएं जिला प्रमुख बनीं। यानी सात से आठ पद ऐसे रहे, जहां महिलाओं ने आरक्षित श्रेणी से बाहर भी अपनी जगह बनाई।

विज्ञापन
विज्ञापन

यह परिणाम बताता है कि राजनीतिक दलों ने महिलाओं को केवल आरक्षण की मजबूरी में ही नहीं, बल्कि जीतने वाले उम्मीदवार के रूप में भी देखा। हालांकि, इन पदों पर निर्वाचित महिलाओं के कामकाज और वास्तविक राजनीतिक निर्णयों में उनकी भूमिका पर भी नजर रहेगी।


यह भी पढें- राजस्थान: युवा चेहरों के हाथ जिला परिषदों की कमान, 35 साल तक के 14 प्रमुखों में 13 महिलाएं

21 साल की उम्र में जिला प्रमुख बनीं संतोष और वर्षा

इस चुनाव में महिला नेतृत्व की सबसे दिलचस्प तस्वीर उम्र के आंकड़ों में दिखाई देती है। जैसलमेर की संतोष कुमारी और झालावाड़ की वर्षा झाला महज 21 साल की उम्र में जिला प्रमुख चुनी गईं। झुंझुनूं की कोमल भंवरिया और ब्यावर की ममता गुर्जर 22 साल की उम्र में इस पद तक पहुंचीं।

प्रदेश में चार महिला जिला प्रमुख 25 साल से कम उम्र की हैं। सात जिला प्रमुख 30 साल से कम और 13 जिला प्रमुख 35 साल से कम उम्र के हैं। दूसरी तरफ, टोंक की अलका और हनुमानगढ़ की रेनू 59 साल की उम्र में जिला प्रमुख बनीं। जालोर के आसूराम 64 साल की उम्र में सबसे बुजुर्ग जिला प्रमुख हैं।

महिला जिला प्रमुखों की औसत उम्र पुरुषों से 12 साल कम

जिला प्रमुखों की उम्र के आंकड़े भी महिला नेतृत्व की नई तस्वीर दिखाते हैं। सभी 37 जिला प्रमुखों की औसत उम्र 41 साल है। इनमें 26 महिला जिला प्रमुखों की औसत उम्र 37 साल है, जबकि 11 पुरुष जिला प्रमुखों की औसत उम्र 49 साल है। यानी महिला जिला प्रमुख पुरुषों के मुकाबले औसतन 12 साल छोटी हैं।

पिछले चुनाव की तुलना में भी इस बार जिला प्रमुखों की औसत उम्र करीब सात साल कम हुई है। इससे ग्रामीण निकायों में युवा नेतृत्व की बढ़ती हिस्सेदारी का संकेत मिलता है।

चूरू और ब्यावर में महिला प्रत्याशियों ने बदला चुनावी गणित

महिला प्रत्याशियों ने केवल आरक्षित सीटों पर ही नहीं, बल्कि कड़े राजनीतिक मुकाबलों में भी जीत दर्ज की। चूरू में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद भाजपा की कनिका राठौड़ जिला प्रमुख बन गईं। क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। कनिका पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ की बहू हैं।

ब्यावर में भाजपा के बहुमत के बावजूद कांग्रेस की ममता गुर्जर ने एक वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की निर्मला रावत को 14-13 से हराया। झालावाड़ में भाजपा की वर्षा झाला ने कांग्रेस प्रत्याशी को 17-16 से शिकस्त दी। इन नतीजों ने दिखाया कि महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला भी उतना ही राजनीतिक और दिलचस्प रहा जितना पुरुष उम्मीदवारों के बीच।

उच्च शिक्षा से लेकर साक्षरता तक, अलग-अलग पृष्ठभूमि की महिलाएं

महिला जिला प्रमुखों की शैक्षणिक और सामाजिक पृष्ठभूमि भी अलग-अलग है। प्रदेश के कुल 37 जिला प्रमुखों में 16 स्नातक, स्नातकोत्तर या प्रोफेशनल डिग्रीधारी हैं। बीकानेर की निकिता डूडी एमएससी और झालावाड़ की वर्षा झाला बीए-बीएड हैं। वहीं, जिला प्रमुखों के कुल आंकड़ों में छह केवल साक्षर हैं और दो आठवीं पास हैं।

इस तरह राजस्थान की जिला परिषदों में इस बार युवा और अनुभवी, उच्च शिक्षित और सामान्य शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाली महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है। अब असली परीक्षा जिला परिषदों में उनके कामकाज, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता की होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed