हिमाचल: दवाओं के 16 सैंपलों में मिलीं मामूली खामियां, अलर्ट देख दवाएं इस्तेमाल करने की अपील
देशभर में अक्तूबर माह के दौरान कुल 324 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने आम जनता से मानक गुणवत्ता से बाहर घोषित बैच की दवाओं का सेवन न करने की अपील की है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर के दौरान दवाओं की गुणवत्ता जांच में 16 सैंपलों में डिस्क्रिप्शन और पीएच वैल्यू जैसी मामूली खामियां पाई गई हैं। देशभर में अक्तूबर के दौरान कुल 324 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने आम जनता से दवाओं के बैच की जानकारी जांचने और मानक गुणवत्ता से बाहर घोषित बैच की दवाओं का सेवन नहीं करने की अपील की है। प्रदेश के राज्य औषधि नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि देशभर में औषधि निरीक्षकों की ओर से हर महीने बाजार में उपलब्ध दवाओं के नमूने रैंडम आधार पर लिए जाते हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता की जांच की जा सके।
गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई: डॉ. कपूर
जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाली दवाओं के बैच की जानकारी केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाती है। डॉ. कपूर के अनुसार, घरेलू दवा बाजार में हिमाचल प्रदेश में निर्मित दवाओं की हिस्सेदारी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मानक गुणवत्ता से बाहर पाए गए सैंपलों का अनुपात महज 0.6 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 2.6 प्रतिशत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वर्तमान में प्रदेश की 94 औद्योगिक इकाइयों या उनके संबंधित उत्पादन सेक्शनों में पूर्ण अथवा आंशिक रूप से उत्पादन बंद करने के आदेश लागू हैं। विभागीय सत्यापन के बाद ही इन इकाइयों को दोबारा उत्पादन शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। उ
नकली और एनडीपीएस दवाओं के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने पर जोर
उन्होंने बताया कि जिन दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, उनके निर्माण पर तब तक रोक रहती है, जब तक संबंधित कंपनी सुधारात्मक और निवारक कदम उठाकर विभाग से उनका सत्यापन नहीं करवा लेती। डॉ. मनीष कपूर ने गुरुवार को बंगलूरू में आयोजित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियमन सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के नियामक अधिकारियों और सीडीएससीओ के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने नकली दवाओं और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए समय पर खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया।
