RGB लाइट के साथ लीक हुईं OnePlus Nord 7 की लाइव तस्वीरें: मिलेगी 9000 एमएएच की बैटरी और नये स्पेसिफिकेशन्स
- OnePlus Nord 7 की लीक तस्वीरों में डार्क टील फिनिश और RGB लाइट स्ट्रिप दिखी।
- फोन में 9000mAh बैटरी, 80W चार्जिंग और 144Hz AMOLED स्क्रीन की चर्चा है।
- इसमें स्नैपड्रैगन की जगह Dimensity 8500 प्रोसेसर मिल सकता है।
- कंपनी ने अभी फोन के फीचर्स और लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विस्तार
स्मार्टफोन की दुनिया में वनप्लस अपनी नॉर्ड सीरीज को एक नए अंदाज में पेश करने की तैयारी करता दिख रहा है। लीक हुई वनप्लस नॉर्ड 7 की कुछ लाइव तस्वीरें इंटरनेट पर सामने आई हैं, जिन्होंने टेक प्रेमियों का ध्यान खींच लिया है। इन तस्वीरों में फोन का फ्रंट और बैक डिजाइन साफ नजर आ रहा है, जिसमें चमकदार डार्क टील फिनिश और बेहद पतले बेजल्स वाली फ्लैट स्क्रीन दिखाई देती है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस फोन या इसके किसी भी फीचर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नई डिजाइन क्या नया दिखा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सामने आई तस्वीरों में सबसे ज्यादा चर्चा फोन के पिछले हिस्से की हो रही है। इस फोन के ऊपरी लेफ्ट कोने पर एक बड़ा चौकोर कैमरा आइलैंड दिया गया है, जिसमें दो कैमरा सेंसर, एक एलईडी फ्लैश और कैप्सूल के आकार वाले हिस्से में एक खड़ी आरजीबी लाइट स्ट्रिप लगी है। एक तस्वीर में यह लाइट नारंगी रंग में जलती दिख रही है, जबकि दूसरी में बंद है। माना जा रहा है कि इसे कॉल, मैसेज नोटिफिकेशन, चार्जिंग या गेमिंग इफेक्ट्स के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
नॉर्ड 6 के मुकाबले कितना बदलेगा फोन?
लीक हुए फीचर्स को देखें तो नॉर्ड 7 हर मामले में पिछले मॉडल से सीधा बड़ा अपग्रेड नहीं लगता। नॉर्ड 6 में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8s जेन 4 प्रोसेसर और 165 हर्ट्ज का एमोलेड डिस्प्ले दिया गया था, जबकि नए लीक में नॉर्ड 7 के अंदर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 चिपसेट और 144 हर्ट्ज स्क्रीन की बात कही गई है। हालांकि बैटरी और चार्जिंग में कोई बदलाव नहीं दिखता। ऐसे में असली परफॉर्मेंस सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और आरजीबी लाइटिंग जैसे अनोखे फीचर्स पर टिकी रहेगी।
क्या स्पेसिफिकेशन्स मिल सकते हैं?
- फोन में परफॉर्मेंस के लिए मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 चिपसेट मिल सकता है, जो हालिया नॉर्ड मॉडल्स के स्नैपड्रैगन प्रोसेसर से अलग बदलाव होगा।
- सामने की तरफ पतले बेजल्स और सेंटर पंच-होल कटआउट के साथ 144 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाला सुपर एमोलेड फ्लैट डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है।
- पावर बैकअप के लिए इसमें 9,000mAh की बड़ी बैटरी और 80 वॉट वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है।
- पीछे की तरफ चमकदार डार्क टील पैनल के साथ कैमरा मॉड्यूल में वर्टिकल आरजीबी लाइट स्ट्रिप इसे भीड़ से अलग पहचान दे सकती है।
लॉन्च डेट और पुरानी रिपोर्टों का पेच
वनप्लस ने अभी तक नॉर्ड 7 की लॉन्च तारीख, कीमत या भारत में उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है। यह भी साफ नहीं है कि लीक तस्वीरों में दिख रहा फोन अंतिम रिटेल मॉडल ही है या कोई प्रोटोटाइप। दरअसल पहले आई कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि नॉर्ड 7 असल में वनप्लस टर्बो 7 का रीब्रांडेड वर्जन हो सकता है, जिसमें स्नैपड्रैगन 8 जेन 6 चिप, 200 मेगापिक्सल कैमरा और करीब 10,000mAh की बैटरी मिलेगी।
आधिकारिक पुष्टि का करना होगा इंतजार
ताजा लीक और पुरानी रिपोर्टों के बीच प्रोसेसर और कैमरे को लेकर काफी अंतर नजर आ रहा है। इसी वजह से फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि वनप्लस अगले नॉर्ड स्मार्टफोन के लिए कौन सा रास्ता चुनेगा या यह लीक डिवाइस वास्तव में नॉर्ड 7 सीरीज का हिस्सा है भी या नहीं। आरजीबी लाइटिंग, डाइमेंसिटी 8500 प्रोसेसर, 144 हर्ट्ज डिस्प्ले और 9,000mAh बैटरी जैसी तमाम जानकारियां अभी शुरुआती अटकलें हैं, इसलिए सही तस्वीर के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।
