{"_id":"6b0681be6f2e4a3f0e0e41b8","slug":"data-leak-350-crore-records-exposed-passwords-usernames-china-cybersecurity-hackers-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"3.5 अरब यूजर्स का डेटा हुआ लीक: चीन के 164 करोड़ दस्तावेज भी एक्सपोज, पासवर्ड बदलने पर भी अकाउंट सुरक्षित नहीं","category":{"title":"Tech Diary","title_hn":"टेक डायरी","slug":"tech-diary"}}
3.5 अरब यूजर्स का डेटा हुआ लीक: चीन के 164 करोड़ दस्तावेज भी एक्सपोज, पासवर्ड बदलने पर भी अकाउंट सुरक्षित नहीं
Wed, 25 Nov 2026 12:07 PM IST
नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: नीतीश कुमार
Updated Wed, 25 Nov 2026 12:07 PM IST
सार
- डेटा लीक के दो बड़े मामलों में 350 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड उजागर होने का दावा किया गया है।
- चोरी हुए डेटा में यूजरनेम, पासवर्ड, फोन नंबर, सरकारी आईडी और सेशन टोकन शामिल हैं।
- इस डेटा का इस्तेमाल अकाउंट हैकिंग, पहचान चोरी और ऑनलाइन फ्रॉड के लिए किए जाने का दावा किया जा रहा है।
विज्ञापन
रिसर्च फर्मों ने किया बड़े स्तर पर डेटा लीक का दावा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
Data Breach: दुनिया में डेटा चोरी के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें कुल 350 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड उजागर होने का दावा किया गया है। इन रिकॉर्ड्स में यूजरनेम, पासवर्ड, फोन नंबर, सरकारी पहचान नंबर, डिजिटल सेशन टोकन और निजी दस्तावेज शामिल हैं। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं के मुताबिक, चोरी हुए डेटा का इस्तेमाल अकाउंट हैक करने, लोगों की पहचान चुराने और ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम देने के लिए किया जा सकता है। इन दोनों मामलों में से एक में चीन से जुड़े 164 करोड़ रिकॉर्ड भी शामिल हैं।
पासवर्ड बदलने के बाद भी अकाउंट हैक होने का खतरा
कंपनियों का सर्वर नहीं हुआ हैक, मैलवेयर से चोरी हुआ डेटा
चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड्स भी हुए लीक
एआई के इस्तेमाल से तेज हुए साइबर हमले
विज्ञापन
पासवर्ड बदलने के बाद भी अकाउंट हैक होने का खतरा
- वायर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों डेटा लीक का पता दो अलग-अलग सुरक्षा शोधकर्ताओं ने लगाया है। पहला डेटाबेस ब्लैक हिल्स इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के रिसर्चर जेरेमिया फाउलर ने खोजा, जिसमें करीब 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड्स मौजूद थे। इसमें 8,471 फोल्डर्स के अंदर ईमेल एड्रेस, पासवर्ड, कुकीज, डिवाइस की जानकारी और 'सेशन टोकन' शामिल थे।
- रिसर्चर्स का कहना है कि सेशन टोकन का लीक होना सबसे ज्यादा खतरनाक है, क्योंकि इसकी मदद से हैकर्स बिना पासवर्ड डाले ही किसी के अकाउंट में लॉगिन कर सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में यूजर के पासवर्ड बदल लेने के बाद भी ये टोकन एक्टिव रहते हैं। इस डेटा में करोड़ों की संख्या में आम ईमेल, सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों के एड्रेस, 10 करोड़ से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की डिटेल्स शामिल थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
कंपनियों का सर्वर नहीं हुआ हैक, मैलवेयर से चोरी हुआ डेटा
- रिसर्च में यह बात सामने आई है कि यह डेटा किसी कंपनी के सर्वर को हैक करके नहीं चुराया गया है, बल्कि 'इन्फो स्टीलर मैलवेयर' के जरिए यूजर्स के संक्रमित डिवाइस से निकाला गया है। इसके अलावा, फाउलर को करीब 4 लाख ऐसे दस्तावेज भी मिले जो किसी बेहद एडवांस मैलवेयर से जुटाए गए थे।
- यह मैलवेयर किसी भी व्यक्ति की डिजिटल लाइफ की पूरी कुंडली तैयार कर सकता है। शिकायत के बाद होस्टिंग कंपनी ने इस डेटाबेस तक पब्लिक एक्सेस को बंद कर दिया है, लेकिन यह साफ नहीं है कि इससे पहले कितने लोगों ने इस डेटा को डाउनलोड किया।
चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड्स भी हुए लीक
- दूसरा बड़ा डेटा लीक सिक्योरिटी कंपनी अपगार्ड (UpGuard) के रिसर्च डायरेक्टर ग्रेग पोलक ने पकड़ा। इस डेटाबेस में 1.64 अरब दस्तावेज थे, जो मुख्य रूप से चीन के नागरिकों और वहां के बिजनेस से जुड़े थे। जांच में इसमें कम से कम 84 करोड़ अलग-अलग नेशनल आईडी नंबर, 30 करोड़ फोन नंबर, 1.1 करोड़ छात्रों के एनरोलमेंट रिकॉर्ड और करीब 80 लाख बिजनेस रजिस्ट्रेशन की जानकारी मिली। सैंपल में बच्चों और मृत लोगों का डेटा भी शामिल था।
- पोलक के अनुसार, यह डेटाबेस बिना किसी पासवर्ड या ऑथेंटिकेशन के इंटरनेट पर खुला पड़ा था और इसे पुराने कई डेटा लीक को मिलाकर तैयार किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान ही किसी रैनसमवेयर हमले के बाद यह डेटाबेस ऑफलाइन हो गया।
एआई के इस्तेमाल से तेज हुए साइबर हमले
- डेटा लीक की ये घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब पूरी दुनिया में साइबर हमलों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के ओपन-सोर्स सिस्टम पर साइबर अटैक हुआ, जबकि पिछले महीने हैकर्स ने क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस (Binance) से 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी चुरा ली। वहीं, भारत में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी एक साइबर हमले में 3,897 ग्राहकों का डेटा प्रभावित होने की पुष्टि की थी।
- गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज टेक कंपनियों ने भी चेतावनी दी है कि अब हैकर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल करके पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से हमलों की प्लानिंग कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले साल 2024 में 26 अरब रिकॉर्ड्स का डेटा लीक सामने आया था, जिसे 'मदर ऑफ ऑल ब्रीचेस' नाम दिया गया था।
