{"_id":"6b038e9b614fabce8f08b769","slug":"study-newborn-s-temperature-returned-to-normal-within-30-minutes-of-being-placed-against-mother-s-chest-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"अध्ययन: मां के सीने से लगते ही 30 मिनट में सामान्य हुआ नवजात का तापमान, यूसीएमएस-जीटीबी के शोध में कई खुलासे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अध्ययन: मां के सीने से लगते ही 30 मिनट में सामान्य हुआ नवजात का तापमान, यूसीएमएस-जीटीबी के शोध में कई खुलासे
Mon, 23 Nov 2026 06:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
नितिन राजपूत, नई दिल्ली
नितिन राजपूत, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 23 Nov 2026 06:25 AM IST
सार
अध्ययन में सामने आया कि जन्म के तुरंत बाद मां की छाती से बच्चे को 30 मिनट तक लगाने से उसके शरीर का तापमान सामान्य बनाने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
फाइल फोटो।
विस्तार
जन्म के बाद मां का अपने नवजात को सीने से लगाना सिर्फ प्यार और अपनत्व का एहसास नहीं कराता, बल्कि बच्चे की सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। पूर्वी दिल्ली के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज (यूसीएमएस) और गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल के डॉक्टरों के एक अध्ययन में सामने आया कि जन्म के तुरंत बाद मां की छाती से बच्चे को 30 मिनट तक लगाने से उसके शरीर का तापमान सामान्य बनाने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
अध्ययन में 30 मिनट के भीतर 96.6 फीसदी नवजातों का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही बच्चों में जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करने की दर भी बेहतर पाई गई। अध्ययन में 525 स्वस्थ नवजातों को शामिल किया गया। इनमें 34 सप्ताह या उससे अधिक की गर्भावधि में जन्मे और 1800 ग्राम से अधिक वजन वाले बच्चे शामिल थे। जन्म के तुरंत बाद रोने वाले बच्चों को मां के पेट और छाती के बीच रखा गया। अध्ययन के अनुसार, 20 मिनट में 74.1 फीसदी बच्चों का तापमान सामान्य हो गया। वहीं, 30 मिनट में यह आंकड़ा बढ़कर 96.6 फीसदी पहुंच गया। 40 मिनट तक सभी बच्चों का तापमान सामान्य स्तर पर आ गया।
विज्ञापन
बाल रोग विभाग की डॉ. प्रज्ञा अहरवाल ने बताया कि स्किन-टू-स्किन कॉन्टैक्ट खास तौर पर उन अस्पतालों में उपयोगी हो सकता है, जहां प्रसव की संख्या अधिक है और संसाधन सीमित हैं। यह एक सरल तरीका है, जिससे नवजात के तापमान को सामान्य बनाए रखने और स्तनपान की शुरुआत में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
डॉ. श्वेता कुमारी ने बताया कि अध्ययन स्वस्थ नवजातों पर किया गया था। इसलिए सभी बच्चों, खासकर समय से पहले जन्मे या बीमार नवजातों के लिए इसे अकेले पर्याप्त नहीं माना जा सकता। ऐसे बच्चों को अतिरिक्त निगरानी और उपचार की जरूरत हो सकती है।
जन्म के पहले घंटे में बढ़ी स्तनपान की दर
अस्पताल के बाल रोग विभाग की डॉ. स्वाति जांगड़ा ने बताया कि अध्ययन में मां और बच्चे के बीच शुरुआती संपर्क का असर स्तनपान पर भी दिखाई दिया। कुल 74.5 फीसदी नवजातों ने जन्म के पहले घंटे में ही मां का दूध पीना शुरू कर दिया। अस्पताल से छुट्टी के समय 92.6 फीसदी बच्चे केवल मां का दूध पी रहे थे। उनके मुताबिक, जन्म के तुरंत बाद मां के सीने से लगने पर बच्चा गर्म रहता है और उसे स्तनपान शुरू करने में मदद मिलती है। इससे मां और बच्चे के बीच शुरुआती जुड़ाव भी मजबूत होता है।
नवजात को ठंड से बचाना क्यों जरूरी
बाल रोग विभाग के डॉ. रवि सचान ने बताया कि जन्म के बाद नवजात के शरीर का तापमान तेजी से गिर सकता है। शरीर का तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने पर इस स्थिति को हाइपोथर्मिया कहा जाता है। समय पर ध्यान नहीं देने पर यह नवजात के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। उनके अनुसार, मां की छाती से बच्चे की त्वचा का सीधा संपर्क उसके शरीर की गर्मी बनाए रखने का आसान तरीका है। इसे स्किन-टू-स्किन कॉन्टैक्ट कहा जाता है। इसमें बच्चे को मां की छाती पर रखा जाता है और उसकी पीठ को गर्म कपड़े से ढका जाता है।
