{"_id":"6b07f7f8f47de6a0f40cc494","slug":"traders-angry-over-power-cuts-laid-siege-to-the-electricity-department-in-rudrapur-2026-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"रुद्रपुर: बिजली कटौती से नाराज व्यापारियों ने किया विद्युत विभाग का घेराव, आपूर्ति सुचारु रखने की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रुद्रपुर: बिजली कटौती से नाराज व्यापारियों ने किया विद्युत विभाग का घेराव, आपूर्ति सुचारु रखने की मांग
Thu, 26 Nov 2026 02:42 PM IST
Heera
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
Published by: Heera
Updated Thu, 26 Nov 2026 02:42 PM IST
सार
रुद्रपुर के मुख्य बाजार में लगातार बिजली कटौती से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। रोजाना घंटों बिजली गुल रहने से परेशान व्यापारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता केके पंत का घेराव किया।
विज्ञापन
बिजली कटौती से नाराज व्यापारियों ने किया विद्युत विभाग का घेराव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रुद्रपुर शहर के मुख्य बाजार में लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने लगी हैं। रोजाना घंटों बिजली गुल रहने से परेशान व्यापारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता केके पंत का घेराव किया। व्यापारियों ने कटौती पर नाराजगी जताते हुए बाजार की आपूर्ति सुचारु रखने की मांग की।
विज्ञापन
घेराव के दौरान महिला व्यापारियों ने बताया कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली कटौती होने से बुटीक और ब्यूटी पार्लर का काम प्रभावित हो रहा है। बुटीक संचालिकाएं ग्राहकों के कपड़ों की सिलाई समय पर पूरी नहीं कर पा रही हैं। वहीं, ब्यूटी पार्लर में भी बिजली आधारित उपकरणों का इस्तेमाल नहीं हो पाने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि काशीपुर बाईपास पर विद्युत पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई के चलते मुख्य बाजार की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसका असर दुकानदारों के साथ ग्राहकों पर भी पड़ रहा है। इस पर अधिशासी अभियंता केके पंत ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि बाजार की बिजली एक साथ बंद करने के बजाय अलग-अलग पॉकेट में बांटकर चरणबद्ध तरीके से कटौती की जाएगी। इससे पूरे बाजार की आपूर्ति एक साथ बाधित नहीं होगी।
विज्ञापन
इस दौरान पवनदीप कौर, कुलदीप कौर, प्रीत कौर, पार्षद सौरभ राज बेहड़, विक्की सम्राट, पारस हसीजा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
