न ग्लास जैसा पुराना लुक और न ही डिजाइन: एपल के 20 साल पूरे होने पर बदल सकता है आईफोन का अंदाज, जानें लीक्स
- 2027 में आएगा एनिवर्सरी आईफोन।
- सिरेमिक पार्ट्स मिलने का दावा किया गया।
- प्रोडक्शन सीमित रखने की तैयारी है।
- क्वाड-कर्व्ड डिस्प्ले मिलने की उम्मीद।
विस्तार
एपल अपने आईफोन की 20वीं सालगिरह को खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी 2027 में एक बिल्कुल नए डिजाइन वाला आईफोन पेश कर सकती है। जिसे आईफोन 20 प्रो (iPhone 20 Pro) कहा जा रहा है। इस फोन को लेकर सामने आई नई लीक्स में सिरेमिक पार्ट्स के इस्तेमाल होने का दावा किया गया है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो एनिवर्सरी आईफोन का लुक मौजूदा मॉडल्स से काफी अलग हो सकता है। इसके अलावा, एपल अपनी प्रोडक्ट लॉन्च रणनीति में भी बदलाव करने की योजना बना रही है।
क्या हो सकते हैं बदलाव?
- फिलहाल सामने आई लीक्स के अनुसार, एपल के नए सीईओ जॉन टर्नस कंपनी के प्रोडक्ट लॉन्च करने के तरीके में बदलाव कर सकते हैं। अभी तक कंपनी साल के दो बड़े इवेंट्स में अपने ज्यादातर प्रोडक्ट पेश करती आई है, लेकिन नई योजना के तहत अलग-अलग प्रोडक्ट्स को सालभर में अलग-अलग समय पर लॉन्च किया जा सकता है।
- इससे कंपनी को एक साथ कई प्रोडक्ट पेश करने के बजाय हर डिवाइस को अलग पहचान और ज्यादा चर्चा दिलाने का मौका मिलेगा। इसे लागू करने के लिए एपल कई नए प्रोडक्ट्स पर काम कर रही है, जिन्हें अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा आईफोन की 20वीं सालगिरह पर आने वाले खास मॉडल की है।
iPhone 20 Pro में मिल सकते हैं सिरेमिक पार्ट्स
- कंपनी की आने वाली सालगिरह पर आईफोन का लेकर एक नई लीक सामने आई है। वीबो (Weibo) पर जानकारी साझा करने वाले एक व्यक्ति ने दावा किया है कि उसे 20वीं सालगिरह वाले आईफोन के लिए तैयार किए गए सिरेमिक पार्ट्स मिल सकते हैं।
- लीक्स के अनुसार, इन पार्ट्स की शुरुआत प्रोडक्शन बहुत कम संख्या में रखा जाएगा। इससे संकेत मिलता है कि एपल शुरुआत में इस डिवाइस को लिमिटेड संख्या में तैयार कर सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर फोन इंजीनियरिंग वैलिडेशन टेस्ट (EVT) में सफल रहता है, तो इसका बड़े स्तर पर प्रोडक्शन शुरू किया जा सकता है। EVT वह टेस्टिंग प्रक्रिया है, जिसमें किसी प्रोडक्ट के शुरुआती इंजीनियरिंग डिजाइन और उसके काम करने की क्षमता को परखा जाता है।
फोन के किस हिस्से में होगा सिरेमिक का इस्तेमाल?
- फिलहाल यह साफ नहीं है कि एपल सिरेमिक का इस्तेमाल आईफोन के किस हिस्से में करेगी। लीक में यह नहीं बताया गया कि सिरेमिक फोन के पिछले पैनल यानी रियर पैनल में होगा, बॉडी के किसी बड़े हिस्से में इस्तेमाल किया जाएगा या फिर बाहरी हिस्से के किसी छोटे भाग में लगाया जाएगा।
- हालांकि, एपल के लिए सिरेमिक कोई नई चीज नहीं है। कंपनी पहले भी अपने प्रोडक्ट्स में इसका इस्तेमाल कर चुकी है। एपल वॉच सीरीज 12 में एल्युमिनियम और टाइटेनियम विकल्पों के अलावा 'पर्ल व्हाइट' और 'नाइट ब्लू' सिरेमिक फिनिश दी गई है।
- दिलचस्प बात यह है कि मौजूदा आईफोन मॉडल्स में पहले से ही सिरेमिक से जुड़ी तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। फोन के आगे की तरफ सिरेमिक शील्ड 2 और पीछे की तरफ सिरेमिक शील्ड दी जाती है।
- 'फिक्स्ड फोकस डिजिटल' ने पहले दावा किया था कि अगले साल आने वाले आईफोन 20 प्रो मॉडल में भी ग्लास वाला डिजाइन बरकरार रह सकता है, लेकिन इसका लुक पहले से ज्यादा आकर्षक होगा।
- यहां सिरेमिक शील्ड और सिरेमिक बॉडी के बीच अंतर समझना जरूरी है। सिरेमिक शील्ड में ग्लास के अंदर सिरेमिक के बेहद छोटे क्रिस्टल मौजूद होते हैं। इनकी मदद से ग्लास की पारदर्शिता बनाए रखते हुए उसकी मजबूती बढ़ाई जाती है।
- हालांकि, हालिया लीक करने वाले व्यक्ति की पोस्ट के शब्दों से संकेत मिलता है कि एनिवर्सरी आईफोन में सिरेमिक का इस्तेमाल पहले से ज्यादा प्रमुख तरीके से हो सकता है। यानी यह सिर्फ ग्लास को मजबूत बनाने तक सीमित न रहकर फोन के बाहरी डिजाइन का भी हिस्सा बन सकता है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
2027 में आ सकता है पूरी तरह नया डिजाइन
- ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि एपल 2027 की फॉल सीजन में अपनी 20वीं सालगिरह वाले आईफोन मॉडल पेश करेगी। इन मॉडल्स में पूरी तरह ग्लास पर आधारित नया डिजाइन और क्वाड-कर्व्ड डिस्प्ले देखने को मिल सकता है।
- क्वाड-कर्व्ड डिस्प्ले का मतलब ऐसी स्क्रीन से है, जिसके चारों किनारे हल्के घुमावदार होते हैं। इससे फोन का फ्रंट लुक ज्यादा आकर्षक और अलग दिखाई दे सकता है।
क्या एपल छोड़ देगी iPhone 19 का नाम?
- आईफोन की 20वीं सालगिरह को खास बनाने के लिए एपल कुछ बदलाव कर सकती है। यह भी हो सकता है कि कंपनी आईफोन 19 नाम को छोड़कर सीधे आईफोन 20 सीरीज पेश कर दे, क्योंकि ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 2017 में आईफोन की दसवीं सालगिरह के मौके पर एपल ने आईफोन 9 के बजाय आईफोन एक्स पेश किया था।
- ऐसे में 2027 में भी कंपनी इसी तरह का कदम उठा सकती है। हालांकि, आईफोन 20 प्रो नाम और इसके फीचर्स को लेकर अभी तक एपल की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
