राजस्थान: श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में दी गई ऑक्सीजन
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गुरुवार सुबह नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें घबराहट महसूस होने पर मंदिर परिसर में ऑक्सीजन दी गई और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की टीम ने जांच और उपचार किया। बेहतर महसूस होने के बाद वे उदयपुर रवाना हो गए।
विस्तार
नाथद्वारा स्थित प्रभु श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। मंगला झांकी के दर्शन के बाद उन्हें घबराहट महसूस हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में ही उन्हें कुर्सी पर बैठाकर ऑक्सीजन दी गई। फिर एंबुलेंस से श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की विशेष टीम ने उनकी जांच कर उपचार किया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
सुबह 5:30 बजे पत्नी के साथ पहुंचे थे मंदिर
जानकारी के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी के साथ राजसमंद जिले के दौरे पर थे। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे वे नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। सुबह 5:45 बजे उन्होंने मंगला झांकी के दर्शन किए।
इसके बाद सुबह करीब 7 बजे मंदिर परंपरा के अनुसार तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित और मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य ने उनका उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया और प्रसाद भेंट किया।
मंदिर परिसर में दी गई ऑक्सीजन, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे
स्वागत के दौरान ही धनखड़ को अचानक घबराहट महसूस होने लगी। उनकी तबीयत बिगड़ते देख उन्हें तत्काल कुर्सी पर बैठाया गया और मंदिर परिसर में ऑक्सीजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों की विशेष टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार और ऑक्सीजन मिलने के बाद उन्होंने बेहतर महसूस किया। इसके बाद वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए और सीधे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
