झारखंड: नौकरी का झांसा देकर पांच नाबालिग बच्चियों को ले जा रहा था तमिलनाडु, रांची स्टेशन पर आरपीएफ ने पकड़ा
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए पांच नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया। आरोपी सुशील कुमार सिंह उन्हें तमिलनाडु की स्पिनिंग मिल में 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ले जा रहा था।
विस्तार
झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए पांच नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया है। बच्चियों को सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस से तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। आरपीएफ ने मौके से आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान पलामू निवासी सुशील कुमार सिंह उर्फ मिटू सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि वह बच्चियों को तमिलनाडु की स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले जा रहा था।
रेल मदद पर मिली सूचना, ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ ने की कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल को रेल मदद के माध्यम से सूचना मिली थी कि सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस में कुछ नाबालिग बच्चियों को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम सतर्क हो गई। ट्रेन के रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते ही जवानों ने स्टेशन परिसर में आरोपी को पांचों बच्चियों के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तमिलनाडु की एक स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के पद पर काम करता है। इसी आधार पर उसने बच्चियों को वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
15 हजार रुपये मासिक वेतन का दिया था लालच
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पांचों बच्चियों को स्पिनिंग मिल में काम दिलाने और हर महीने 15 हजार रुपये वेतन देने का प्रलोभन दिया था। इसी भरोसे में बच्चियां उसके साथ तमिलनाडु जाने के लिए तैयार हो गई थीं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से रोजाना 20 रुपये मिलते थे। हालांकि, बच्चियों को तमिलनाडु ले जाने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इस मामले में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंपा गया मामला
आरपीएफ ने मुक्त कराई गई पांचों नाबालिग बच्चियों और गिरफ्तार आरोपी सुशील कुमार सिंह को रांची की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के हवाले कर दिया है। इस मामले में एएचटीयू में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चियों को ले जाने के पीछे किसी संगठित मानव तस्करी गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
