सुप्रीम कोर्ट अपडेट: दीपथून पर दीप जलाने के विवाद में सुप्रीम कोर्ट सख्त, 27 नवंबर को सुनेगा अवमानना याचिकाएं
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम का दीप जलाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दाखिल अवमानना याचिकाओं और दूसरी अर्जियों पर 27 नवंबर को सुनवाई करने का फैसला किया है। गुरुवार को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की पीठ ने कहा कि इस मामले से जुड़ी सभी अर्जियां अगले दिन सूचीबद्ध की जाएंगी।
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी माफी
इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगते हुए दीपथून नाम के पत्थर के खंभे पर दीप नहीं जलाए जाने के लिए मंदिर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया था। सरकार का कहना था कि दीप जलाने की जिम्मेदारी मंदिर के अधिकारियों की थी। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल खुद से अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अदालत ने साफ कर दिया कि अगर इस मामले में कोई अवमानना याचिका दाखिल होती है तो उस पर सुनवाई की जाएगी।
जानबूझकर आदेश नहीं मानने का आरोप
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकीलों ने अदालत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद अधिकारियों ने दीपथून पर दीप नहीं जलाया। यह अदालत के आदेश की जानबूझकर अनदेखी करने जैसा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग भी की।
24 नवंबर को नहीं जला दीपथून पर दीप
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के लिए 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद सोमवार को दीप केवल पुराने और परंपरागत स्थान यानी उचिपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया गया। पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर के न्यासी बोर्ड ने भी अपने बयान में कहा था कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
क्या है पूरा विवाद?
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में हर साल कार्तिगई दीपम का आयोजन होता है। अब तक यह दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है।
कुछ हिंदू संगठनों की मांग है कि दीप पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के खंभे पर जलाया जाए। यह जगह एक दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। वहीं, दरगाह पक्ष का दावा है कि पहाड़ी की चोटी का पूरा हिस्सा उसके अधिकार क्षेत्र में आता है। इसी आधार पर उसने वहां दीप जलाने की मांग का विरोध किया है। अब 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। अदालत यह तय करेगी कि उसके पहले दिए गए आदेश का पालन नहीं करने के मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने 15 साल की सजा पाए आरोपी को किया बरी
सुप्रीम कोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में 15 साल की सजा पाए आरोपी को बरी कर दिया। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ अपराध साबित करने में विफल रहा। कोर्ट ने पीड़िता के बयान में कई विसंगतियां पाईं और यौन हमले की पुष्टि करने वाला कोई मेडिकल सबूत भी नहीं मिला। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने कार के अंदर उसके साथ मारपीट की और कई बार दुष्कर्म किया, लेकिन मेडिकल जांच में उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। कोर्ट ने यह भी पाया कि जांच अधिकारी ने कार जब्त करने या उसके अंदर फॉरेंसिक जांच कराने की कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे कथित मारपीट या यौन हमले के सबूत मिल सकते थे। पीठ ने कहा कि पीड़िता का अकेला बयान इतना विश्वसनीय और ठोस नहीं था कि उसके आधार पर आरोपी की सजा बरकरार रखी जा सके। दरअसल, मामला 17 अगस्त 2019 का है, जब आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता को अपनी कार में लिफ्ट दी और उसे चिप्स व सॉफ्ट ड्रिंक दी। आरोप है कि इन्हें खाने-पीने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई, जिसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर उसका यौन उत्पीड़न किया गया। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को IPC की धारा 376(1) के तहत दोषी ठहराया था। वहीं, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने उम्र का पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर पॉक्सो के आरोप हटा दिए थे, लेकिन दुष्कर्म के मामले में दोषसिद्धि बरकरार रखी थी। इसके बाद आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की, जहां साक्ष्यों की कमी और पीड़िता के बयान में विसंगतियों के आधार पर उसे बरी कर दिया गया।
