Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Celebs Interviews ›   Kaun Banega crorepati 18 gets his first winner Bhushan Kumar from Jalgaon wins 1 crore read full interview

इंटरव्यू: 'एक करोड़ मिले फिर भी..', केबीसी 18 के पहले करोड़पति बने भूषण ठाकरे, बताया बिग बी ने दी कैसी सलाह

Tue, 24 Nov 2026 07:04 PM IST
Kiran Vinod Kumar Jain किरण जैन
Updated Tue, 24 Nov 2026 07:04 PM IST
सार

Bhushan Thackrey Interview: कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर अमिताभ बच्चन ने भूषण ठाकरे से यह बात कही थी। भूषण के लिए उनकी यह सलाह बेहद खास है। अमर उजाला से बातचीत में भूषण ने बताया कि एक्टर ने उनसे कहा था कि उन्हें अब अपने परिवार की जिम्मेदारी उठानी चाहिए और अपने पिता का सहारा बनना चाहिए।

विज्ञापन
Kaun Banega crorepati 18 gets his first winner Bhushan Kumar from Jalgaon wins 1 crore read full interview
भूषण ठाकरे, अमिताभ बच्चन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले 28 साल के भूषण ने केबीसी में एक करोड़ रुपये जीते हैं। वह सात करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचे थे। उनके पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। वह चाहते थे कि बेटा कभी मजदूरी न करे। अब एक करोड़ जीतने के बाद भूषण सबसे पहले अपने पिता को काम से आराम दिलाना चाहते हैं। अमर उजाला से बातचीत में भूषण ने बताया कि वह एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भी यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगे। उन्होंने अमिताभ बच्चन से मुलाकात, सा
विज्ञापन
Trending Videos

'अमिताभ जी ने कहा, अब पिता को मजदूरी नहीं करने देना'
अमिताभ बच्चन से मिलने का सपना तो भूषण का था ही, लेकिन उनसे मिली एक सलाह वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा, 'अमिताभ बच्चन से मिलना मेरा सपना था। उनसे मिलकर ऐसा लग रहा था जैसे कोई सपना सच हो रहा है। वह बहुत प्यार से बातें कर रहे थे। परिवार के बारे में भी उन्होंने अच्छी बातें कीं। उन्होंने मुझसे कहा कि अब तुम्हें परिवार की जिम्मेदारी उठानी चाहिए और अपने पिता का सहारा बनना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब पिता को मजदूरी नहीं करने देना। उनकी यह बात मैं जीवन भर याद रखूंगा और इस पर अमल करूंगा।'

'एक करोड़ जीतकर भी यूपीएससी की तैयारी जारी रखूंगा'
एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भी भूषण का इरादा यूपीएससी की तैयारी छोड़ने का नहीं है। वह अब अच्छी जगह रहकर पढ़ाई करना और कोचिंग लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी यूपीएससी की तैयारी नहीं छोड़ूंगा। कोशिश करूंगा कि किसी अच्छी जगह रहकर पढ़ाई कर सकूं और कोचिंग भी ज्वाइन करूं। अपनी जरूरतों को कम रखने की कोशिश करूंगा। इन पैसों से अपनी जिंदगी बेहतर बनाने के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दूंगा। सबसे पहले अपने लिए एक घर बनाना चाहता हूं। पैसे को अच्छी जगह निवेश करूंगा और मां के लिए भी कुछ करना चाहता हूं।'
विज्ञापन
विज्ञापन

Kaun Banega crorepati 18 gets his first winner Bhushan Kumar from Jalgaon wins 1 crore read full interview
भूषण ठाकरे, अमिताभ बच्चन - फोटो : अमर उजाला
'पिता ने जितनी मजदूरी करनी थी, कर ली'
भूषण के पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए काफी मेहनत की है। अब वह चाहते हैं कि पिता को परिवार की जिम्मेदारियों से कुछ राहत मिले। इस बारे में उन्होंने कहा, 'मेरे पिता ने परिवार के लिए बहुत मेहनत की है। अब मैं उन्हें भरोसा दिलाना चाहता हूं कि उन्हें आगे काम करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने जितनी मजदूरी करनी थी, कर ली। अब घर की जिम्मेदारी मैं उठाना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि वह आराम करें। जिंदगी में जिन परेशानियों और मुश्किलों का सामना उन्होंने किया है, अब उन्हें उन सब से दूर रखना चाहता हूं।'

'मुंबई आते वक्त मेरे पास सिर्फ 24 रुपये थे'
भूषण जब केबीसी के लिए मुंबई आ रहे थे, तब उनके पास सिर्फ 24 रुपये थे। हालांकि, आने-जाने का खर्च केबीसी की टीम संभाल रही थी। उन्होंने बताया, 'जब मैं मुंबई आ रहा था, तब मेरे पास सिर्फ 24 रुपये थे। आने-जाने और यात्रा का खर्च केबीसी की टीम संभाल रही थी, इसलिए मुझे पैसों की चिंता नहीं थी। मेरे दिमाग में उस वक्त बहुत सारे सपने थे। मैं यही सोचकर मुंबई आ रहा था कि शायद यहां से अपनी जिंदगी बदल सकूं। मैं करोड़पति बनने के सपने देख रहा था।'
विज्ञापन

मां की तबीयत खराब होने पर कई बार घर लौटने का मन हुआ'
भूषण पढ़ाई के लिए घर से दूर हॉस्टल में रहते हैं। इस दौरान मां की तबीयत खराब होने पर कई बार उन्हें घर लौटने का मन हुआ। उन्होंने कहा, 'ऐसी कई परिस्थितियां आईं, जब मां को अचानक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा या उनकी तबीयत खराब हुई। उस वक्त लगता था कि मुझे अपनी तैयारी छोड़कर घर चले जाना चाहिए। लेकिन जब परिवार से बात करता था तो वे मेरी स्थिति समझते थे। वे अपनी परेशानियां मुझे ज्यादा नहीं बताते थे और कहते थे कि तुम अपना काम करते रहो। उन्हें भी भरोसा था कि एक दिन मेरे जीवन में कुछ अच्छा जरूर होगा।'

'मेरी सोशल लाइफ पूरी तरह खत्म हो गई थी'
यूपीएससी की तैयारी के लिए भूषण ने दोस्तों और परिवार से भी दूरी बना ली थी। इस दौरान उनकी जिंदगी में पढ़ाई के अलावा दूसरी चीजों के लिए जगह नहीं बची थी। उन्होंने बताया, 'तैयारी के दौरान मैं परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों से दूर हो गया था। आमतौर पर एक युवा के जीवन में बाहर जाना, फिल्में देखना और दोस्तों के साथ समय बिताना होता है, लेकिन मेरे जीवन में इन सबके लिए जगह नहीं थी। मैंने अपनी जिंदगी के कई अच्छे पल छोड़ दिए। हालांकि, मुझे इसका अफसोस नहीं है। केबीसी के जरिए आज जो प्यार और सम्मान मिला है, उससे लगता है कि तैयारी के दौरान जो कुछ छूटा था, वह सब एक साथ मिल गया।'

Kaun Banega crorepati 18 gets his first winner Bhushan Kumar from Jalgaon wins 1 crore read full interview
भूषण ठाकरे, अमिताभ बच्चन - फोटो : सोशल मीडिया
'सात करोड़ के सवाल पर काफी दबाव महसूस कर रहा था'
सात करोड़ के सवाल तक पहुंचने के बाद भूषण के सामने बड़ा फैसला लेने का वक्त था। गलत जवाब देने पर उनकी जीती हुई रकम एक करोड़ से घटकर पांच लाख रुपये रह जाती। उस समय की स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा, 'जब सात करोड़ का सवाल सामने आया तो मैं काफी दबाव में था। अगर जवाब सही होता तो ठीक था, लेकिन गलत होने पर मेरी रकम एक करोड़ से घटकर पांच लाख रुपये रह जाती। उस वक्त मुझे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या करना चाहिए। मैं काफी सोच में पड़ गया था।'

 'बाइक लेकर 10-12 दिन पूरे देश में घूमना चाहता हूं'
परिवार की जिम्मेदारियों और यूपीएससी की तैयारी के अलावा भूषण का अपना भी एक सपना है। वह बाइक से देश घूमना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा एक ही सपना था कि मैं अपनी बाइक खरीदूं और उस पर बैठकर कम से कम 10-12 दिन पूरे देश में घूमूं। मुझे इतिहास में दिलचस्पी है। ऐतिहासिक जगहों को देखना और उनके बारे में जानना अच्छा लगता है। पहले यह सपना पूरा नहीं हो पाया, लेकिन अब लगता है कि शायद इसे पूरा कर सकूंगा।'

'अब घर लौटकर माता-पिता से मिलना चाहता हूं'
भूषण ने तय किया था कि जिंदगी में कुछ बड़ा हासिल करने के बाद ही घर लौटेंगे। अब केबीसी में पहुंचने के बाद वह घर लौटना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने तय किया था कि जिंदगी में कुछ बड़ा हासिल करने के बाद ही घर लौटूंगा। अब मुझे लगता है कि केबीसी जैसे बड़े मंच पर पहुंचना और अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब मैं घर जाना चाहता हूं और अपने माता-पिता से मिलना चाहता हूं। अगर पिता आज मुझसे कहें कि बेटा, अब घर लौट आओ, तुमने बहुत मेहनत कर ली है, तो मैं जरूर लौट जाऊंगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed