शाहजहांपुर: तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से तीनों घायल; ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से की थी लूट
शाहजहांपुर के पुवायां इलाके में पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट की थी। आरोपियों के साथियों की तलाश की जा रही है।
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव महुआ पाठक में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाने वाले गांव पटइ निवासी पवन वाजपेयी से 2.70 लाख रुपये और लैपटॉप लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार रात करीब ढाई बजे हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक, पवन कुमार 16 नवंबर की शाम ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर अपने साथी गांव शंभूपुर निवासी रोहित के साथ बाइक से घर जा रहे थे। उनके पास बैग में लैपटॉप और 2.70 लाख रुपये थे। गांव अनावा चौराहे के पास चार बदमाश पहले ही खड़े थे और एक बाइक पर तीन बदमााश पीछे से आए थे।
बदमाशों ने पवन से रुपये और लैपटॉप लूट लिया था। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी सौरभ दीक्षित ने घटना स्थल का मुआयना कर क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम सहित 10 टीमें घटना के खुलासे को लगाई थीं।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि सर्विलांस टीम, क्राइम ब्रांच और पुवायां पुलिस को लूट में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे थे। इनपुट के आधार पर रात ढाई बजे बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान बड़ागांव की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में तीनों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद युवकों को सीएचसी लाकर इलाज कराने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: पंचर बनाने वाले से निकाह, फिर पत्नी ने बेटी को किया अगवा, पहले पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट
आरोपियों से लैपटॉप और नकदी बरामद
पकड़े गए लखीमपुर जनपद के थाना मोहम्मदी के गांव सिसोरा नकूमपुर के मौसम दीक्षित, मोहम्मदी के ही गांव सुआताली के गौतम और पुवायां के गांव बड़ागांव निवासी अर्पित सक्सेना ने लूट की घटना कबूल की है। उनके पास से लूटा गया लैपटॉप, एक बायोमैट्रिक डिवाइस, 20 हजार रुपये, चोरी की बाइक, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
बड़ागांव के अर्पित सक्सेना पर पुवायां, निगोही थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी सहित गंभीर धाराओं में छह, सिसोरा नकूमपुर के मौसम उर्फ आशुतोष पर मारपीट, बलवा सहित कई धाराओं में पुवायां और मोहम्मदी थानों में तीन और नितिन गौतम पर मोहम्मदी थाने में आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण ने बताया कि चेकिंग के दौरान तीन बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी थी। जवाबी फायरिंग में तीनों के पैर में गाेली लगी है। लूटा गया लैपटॉप, रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
