Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Namo Bharat Rapid Rail Corridor Survey Begins for Delhi-Haridwar-Rishikesh Route, Two Alignment Options Under

यूपी: नमो भारत आसान करेगी दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर,150 किमी कॉरिडोर का प्राथमिक सर्वे शुरू

Wed, 18 Nov 2026 10:52 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 18 Nov 2026 10:52 AM IST
सार

दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश तक करीब 150 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर का प्राथमिक सर्वे शुरू कर दिया गया है। मोदीपुरम से दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए रूट बनाने की संभावना है। मोदीनगर से गंगनहर पटरी के रास्ते सीधे रुड़की-हरिद्वार तक कॉरिडोर बनाने पर भी चर्चा है तो वहीं सिंचाई विभाग से जानकारी मांगी गई है।

विज्ञापन
Namo Bharat Rapid Rail Corridor Survey Begins for Delhi-Haridwar-Rishikesh Route, Two Alignment Options Under
नमो भारत ट्रेन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली-एनसीआर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले लोगों के लिए नमो भारत रैपिड ट्रेन से सफर का रास्ता खुल सकता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत कॉरिडोर बनाने की संभावनाओं पर प्राथमिक सर्वे शुरू कर दिया है। करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रूट के लिए दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।

विज्ञापन


पहला विकल्प मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश तक ट्रेन पहुंचाने का है। वहीं, दूसरे विकल्प में मोदीनगर से गंगनहर पटरी के रास्ते सीधे रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक अलग कॉरिडोर बनाने की संभावना तलाशी जा रही है। इसके लिए एनसीआरटीसी ने सिंचाई विभाग से गंगनहर पटरी मार्ग से जुड़ी जानकारी मांगी है। हालांकि, अभी यह योजना शुरुआती स्तर पर है और अंतिम रूट डीपीआर बनने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: बिजनौर: हाईवे पर भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, एक की मौत, दो घायल; दिल्ली एयरपोर्ट जाते समय दुर्घटना

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

मोदीपुरम से हरिद्वार तक रूट जोड़ने की तैयारी
दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत रैपिड ट्रेन कॉरिडोर की शुरुआत 22 फरवरी 2026 को हो चुकी है। एनसीआरटीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉरिडोर पर हर महीने करीब 32 लाख लोग यात्रा कर रहे हैं। अब इसी नेटवर्क को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।

प्रस्तावित योजना के तहत दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने का विकल्प तैयार किया जा रहा है। इसके लिए करीब 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक की जरूरत होगी। इसमें 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में प्रस्तावित है। ऐसे में कॉरिडोर को विकसित करने के लिए दोनों राज्यों की सरकारों की सहमति भी जरूरी होगी।

एनसीआरटीसी के स्तर पर अभी इस रूट का स्केच वर्क किया जा रहा है। इसे प्राथमिक सर्वे का चरण बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी रूट की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इस कॉरिडोर के बनने से दिल्ली से हरिद्वार तक का पांच से छह घंटे का सफर करीब ढाई घंटे में पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।

गंगनहर पटरी से मोदीनगर को जोड़ने पर भी मंथन
हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन पहुंचाने के लिए मोदीपुरम के अलावा गंगनहर पटरी का विकल्प भी सामने आया है। इस विकल्प के तहत मोदीनगर से गंगनहर पटरी के रास्ते सीधे रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक अलग कॉरिडोर बनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

इस संबंध में एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने सिंचाई विभाग से तकनीकी पहलुओं पर बातचीत की है। गंगनहर पटरी मार्ग की उपलब्ध जानकारी भी मांगी गई है। हालांकि, अभी जमीन की उपलब्धता या अधिग्रहण को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

सिंचाई विभाग मोदीनगर-मेरठ के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि गंगनहर पटरी पर रैपिड ट्रेन रूट को लेकर एनसीआरटीसी के अधिकारियों से कुछ तकनीकी मुद्दों पर बातचीत हुई है। भविष्य में भी इस संबंध में चर्चा होती है तो विभाग की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी अधिकारियों के साथ ट्रेन के लिए जमीन आदि को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है।

 

एनसीआरटीसी की प्राथमिकता मोदीपुरम से रूट जोड़ने की
एनसीआरटीसी के पीआरओ पुनीत वत्स के अनुसार, हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत रैपिड ट्रेन रूट अभी स्केच वर्क तक ही सीमित है। इसे प्राथमिक सर्वे भी कहा जा सकता है। सिंचाई विभाग से कुछ शुरुआती जानकारियां मांगी गई हैं, लेकिन अभी इस संबंध में कोई अंतिम जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

उन्होंने बताया कि भविष्य में जब भी हरिद्वार को नमो भारत कॉरिडोर से जोड़ने की योजना पर काम होगा तो प्राथमिकता मोदीपुरम से जोड़ने की रहेगी। वहां से रूट को आगे बढ़ाना अपेक्षाकृत आसान रहेगा। हालांकि, गंगनहर पटरी के विकल्प पर भी तकनीकी स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रस्तावित मोदीपुरम रूट के तहत दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक ट्रेन पहुंचाने की संभावना है। वहीं, गंगनहर पटरी वाले विकल्प में मोदीनगर से सीधे रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक अलग कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है। दोनों विकल्पों में से किसे अंतिम रूप दिया जाएगा, यह विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद ही तय होगा।
 

दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत के अन्य कॉरिडोर भी प्रस्तावित
दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश के अलावा नमो भारत के कई अन्य कॉरिडोर भी प्रस्तावित हैं। इनमें दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर प्रमुख है। करीब 136 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को हरियाणा सरकार और एनएचएआई से मंजूरी मिल चुकी है। सराय काले खां से कुंडली, सोनीपत और पानीपत होते हुए करनाल तक इसका रूट प्रस्तावित है।

इसी तरह दिल्ली-अलवर कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 164 से 196 किलोमीटर बताई गई है। इसका 91 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में होगा। यह कॉरिडोर सराय काले खां से हरियाणा होते हुए राजस्थान के अलवर तक प्रस्तावित है। इसके पहले चरण में सराय काले खां से बावल या बहरोड़ तक रूट विकसित करने की योजना है।

उत्तर प्रदेश में भी गाजियाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा, दिल्ली-बागपत-बड़ौत, गाजियाबाद-हापुड़ और गाजियाबाद-बुलंदशहर-खुर्जा जैसे कॉरिडोर के प्रस्ताव हैं। ये अलग-अलग स्तरों पर डीपीआर और फिजिबिलिटी जांच के अधीन हैं। इनमें दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर का प्राथमिक सर्वे शुरू होना पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में अहम प्रस्ताव है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed