{"_id":"6b03dad027c7e531b901a2ce","slug":"saryu-kamala-express-inauguration-run-from-ayodhya-to-janakpur-in-nepal-2026-11-23","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या से सीधे जनकपुर धाम: सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ, योगी बोले- नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या से सीधे जनकपुर धाम: सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ, योगी बोले- नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
Mon, 23 Nov 2026 12:38 PM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
Published by: Bhupendra Singh
Updated Mon, 23 Nov 2026 12:38 PM IST
सार
अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। जबकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : UP Gov YT Channel
विस्तार
भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को नई मजबूती देगा। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो संस्कृतियों का पौराणिक मिलन फिर से जीवंत हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता आस्था, आत्मीयता और साझा विरासत का है। इसे रोटी-बेटी का संबंध कहा जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान देते हैं। विवाह पंचमी पर जनकपुर में होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव इस रिश्ते की जीवंत मिसाल है।
विज्ञापन
Trending Videos
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सीएम ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों को सड़क, राजमार्ग और रेल संपर्क के माध्यम से नई दिशा मिल रही है। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक श्रीराम-जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है। उन्होंने भारत-नेपाल के नागरिकों को बधाई देते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री का भी आभार जताया।
राम की नगरी से जनकपुर धाम तक सीधा सफर
सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन दोनों देशों के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। इस रेल सेवा से यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।रामायण सर्किट को मिलेगी नई कनेक्टिविटी
अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को सीधी रेल सेवा से जोड़ना रामायण सर्किट के पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकता है।इस पहल से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के साथ दोनों देशों के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अयोध्या धाम पर सरयू-कमला एक्सप्रेस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
