Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   China vs Neuralink: How China Is Building Its Brain Computer Interface Industry

बदलता भविष्य: इंसानी दिमाग पर टेक्नोलॉजी की जंग! एलन मस्क की न्यूरालिंक को चुनौती देने में जुटा चीन

Tue, 24 Nov 2026 08:31 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Tue, 24 Nov 2026 08:31 AM IST
विज्ञापन
सार
इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने वाली ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक भविष्य में इलाज और इंसान मशीन के बीच संवाद का तरीका बदल सकती है। एलन मस्क की न्यूरालिंक को चुनौती देने के लिए चीन इस क्षेत्र में तेजी से काम कर रहा है। 
loader
China vs Neuralink: How China Is Building Its Brain Computer Interface Industry
Brain Computer Interface Technology - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बाद अब इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने वाली तकनीक यानी ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस को लेकर दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों और देशों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। इस क्षेत्र में एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक पहले से काम कर रही है। वहीं चीन भी इस दौड़ में पीछे नहीं रहना चाहता। चीन की कोशिश है कि इस तकनीक में नई कंपनियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके मानक तय करने में भी उसकी अहम भूमिका हो।



इसी दिशा में चीन ने ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक के लिए एक नई कार्य समिति बनाने का फैसला किया है। चीन का उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय इस तकनीक के मानक तैयार करने वाली समिति के तहत एक नया कार्य समूह बनाएगा। यह समूह ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक से जुड़े मानकों को तैयार करने और उन्हें इस्तेमाल के लायक बनाने पर काम करेगा।


चीन की यह पहल उसकी भविष्य की तकनीकी रणनीति का हिस्सा है। उसने अपनी 15वीं पंचवर्षीय योजना में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस को भविष्य के छह प्रमुख उद्योगों में शामिल किया है। इसके अलावा चीन ने इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन और इंटरनेशनल इलेक्ट्रोटेक्निकल कमीशन की संयुक्त बीसीआई उपसमिति की अध्यक्षता भी हासिल की। ये दोनों संस्थाएं दुनियाभर में तकनीकी मानक तय करने का काम करती हैं। ऐसे में चीन सिर्फ इस तकनीक को विकसित करने पर ही ध्यान नहीं दे रहा, बल्कि वह इससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियम और मानक तय करने में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है।

क्या है ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक?

ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस ऐसी तकनीक है, जो इंसानी दिमाग से निकलने वाले न्यूरल सिग्नल को पहचानकर उन्हें कंप्यूटर या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्देशों में बदल देती है। आसान भाषा में समझें तो इस तकनीक की मदद से कोई व्यक्ति बिना हाथ-पैर हिलाए या बोले सिर्फ अपने दिमाग के संकेतों से किसी डिवाइस को नियंत्रित कर सकता है।

इस तकनीक को खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जो किसी बीमारी या चोट के कारण बोलने या चलने-फिरने की क्षमता खो चुके हैं। ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस की मदद से ऐसे लोगों को दोबारा संवाद करने और बाहरी उपकरणों को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है। यही वजह है कि दुनिया भर की कंपनियां और निवेशक इस तकनीक में तेजी से दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

Brain Computer Interface Technology
Brain Computer Interface Technology - फोटो : Amar Ujala

चीन में 250 से ज्यादा कंपनियां इस क्षेत्र में हैं सक्रिय

चीन में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक पर तेजी से काम हो रहा है। वहां की सरकारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक देश में इस क्षेत्र से जुड़ी 250 से ज्यादा कंपनियां सक्रिय हैं। चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से जुड़ी संस्था चाइना एकेडमी ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी के शोध के मुताबिक दुनियाभर में ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस कंपनियों की संख्या भी बढ़ रही है। इस साल वैश्विक स्तर पर ऐसी कंपनियों की संख्या 1175 तक पहुंच गई है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 800 से अधिक था। इससे पता चलता है कि ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक को लेकर दुनिया भर में प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है।

बिना बड़ी सर्जरी के दिमाग तक चिप पहुंचाने की तैयारी

ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक के विकास के साथ ही वैज्ञानिक ऐसे तरीके भी तलाश रहे हैं, जिनसे दिमाग में डिवाइस लगाने की प्रक्रिया को कम जटिल बनाया जा सके। पारंपरिक ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस इम्प्लांट लगाने के लिए मरीज की खोपड़ी खोलकर सर्जरी करनी पड़ती है। इसके मुकाबले चीन के कुछ स्टार्टअप और वैज्ञानिक ऐसे इम्प्लांट विकसित कर रहे हैं, जिन्हें गर्दन की रक्त वाहिकाओं के रास्ते दिमाग तक पहुंचाने की योजना है।

इस प्रक्रिया में डिवाइस को स्टेंट की तरह रक्त वाहिका के जरिए दिमाग के एक खास हिस्से तक ले जाने का विचार है। इस दिशा में शंघाई की स्टार्टअप कंपनी स्टेरमेड टेक्नोलॉजी काम कर रही है। कंपनी ने चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर इस तकनीक पर रिसर्च शुरू की है। हालांकि, अब तक इसका परीक्षण भेड़ों पर ही किया गया है और इंसानों पर इसका ट्रायल शुरू नहीं हुआ है।

ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस रिसर्च में निवेश बढ़ा रहा चीन

चीन इस तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश भी जुटा रहा है। स्टेरमेड टेक्नोलॉजी ने पिछले एक साल में 1.1 अरब युआन से ज्यादा की फंडिंग हासिल की है। इसमें टेनसेंट और अलीबाबा जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी निवेशक हैं। चीन का लक्ष्य 2030 तक इस क्षेत्र में दो से तीन ऐसी कंपनियां तैयार करना है, जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसके लिए वह घरेलू कंपनियों को प्रोत्साहित करने, रिसर्च को आगे बढ़ाने और तकनीक के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तैयार करने पर जोर दे रहा है।

कुल मिलाकर चीन की रणनीति सिर्फ ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस डिवाइस बनाने तक सीमित नहीं है। वह इस तकनीक को विकसित करने, उसे मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने और इसके लिए एक बड़ा बाजार तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है। न्यूरालिंक जैसी कंपनियों के सामने चीन की यह कोशिश आने वाले वर्षों में ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस क्षेत्र की प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed