Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   jensen huang nvidia ceo alleged extramarital affairs board meeting reinstatement

एनवीडिया: हुआंग ने बोर्ड के सामने कबूले और रिश्ते, अब तक चार महिलाओं से संबंधों का आरोप; बैठक में क्या हुआ?

Tue, 24 Nov 2026 01:28 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, सांता क्लारा (कैलिफोर्निया)
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, सांता क्लारा (कैलिफोर्निया) Published by: निर्मल कांत Updated Tue, 24 Nov 2026 01:28 PM IST
सार

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने कंपनी के निदेशक मंडल के सामने अपने कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर नए खुलासे किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अब उन पर कम से कम चार महिलाओं से संबंध होने के आरोप हैं। पूरा मामला है क्या? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
jensen huang nvidia ceo alleged extramarital affairs board meeting reinstatement
जेनसन हुआंग - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

एनवीडिया के बहाल किए गए मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग ने रविवार को कंपनी के निदेशक मंडल के साथ लंबी बैठक की। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर विवाहेतर संबंधों को लेकर कुछ और खुलासे किए। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब उन पर कम से कम चार महिलाओं से संबंध होने के आरोप हैं।
विज्ञापन


रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने निदेशकों को उन दो कथित संबंधों के अलावा कुछ और रिश्तों के बारे में बताया, जिनकी पहले से काफी चर्चा हो चुकी थी। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने यह जानकारी चर्चा से जुड़े लोगों के हवाले से दी है।
विज्ञापन


ये खुलासे ऐसे समय हुए, जब निदेशक मंडल ने कई घंटों तक उनसे पूछताछ की। उनसे उनके व्यवहार, पारदर्शिता और सच बोलने को लेकर सवाल किए गए। इसके बाद सभी निदेशकों ने सर्वसम्मति से उन्हें फिर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाने के पक्ष में मतदान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


किन महिलाओं से संबंधों का लगा है आरोप?
हुआंग ने एलिस हुआंग के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की है। अमेरिकी अधिकारियों को एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया तंत्र से संबंध होने का शक रहा है। रिपोर्ट में एनवीडिया की दो महिला कर्मचारियों के साथ भी उनके संबंध होने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में उन अतिरिक्त महिलाओं के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।निदेशक मंडल के सामने बताए गए इन संबंधों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

बोर्ड ने दोबारा जिम्मेदारी सौंपने का फैसला क्यों लिया?
हुआंग को फिर से कंपनी की कमान सौंपने से पहले निदेशक मंडल में कई बार चर्चा और बैठकें हुईं। इसके बाद निदेशकों ने कहा कि वे उनके जवाबों और स्पष्टवादिता से संतुष्ट हैं। उन्हें भरोसा है कि हुआंग एनवीडिया का नेतृत्व करने में सक्षम हैं।

ये भी पढ़ें: एनवीडिया में हुआंग की वापसी: 'बाजार में बड़ा उलटफेर, अमेरिका को फायदा', उदय कोटक ने क्या-क्या कहा?

कंपनी ने यह भी कहा कि उसे अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से राय मिली थी। कंपनी को भरोसा है कि हुआंग को दोबारा मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाने से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

दफ्तर लौटने पर कर्मचारियों ने कैसे किया स्वागत?
सोमवार को हुआंग एनवीडिया के सांता क्लारा मुख्यालय लौटे। वहां कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि दूसरी बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनने के बाद वह पहले से बेहतर काम करेंगे। उन्होंने कहा, 'दूसरी बार मैं और बेहतर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनूंगा'। 

जेनसन हुआंग की वापसी से ताइवान में खुशी 
चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के सीएओ जेनसन हुआंग की वापसी से उनके जन्मस्थान ताइवान में खुशी है। कुछ दिन पहले सामने आए विवाद से वहां के लोग हैरान थे। लेकिन अब उन्हें कंपनी की कमान दोबारा सौंपे जाने के फैसले को कुछ लोग सही मान रहे हैं। उनका मानना है कि एआई उद्योग में हुआंग की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता।

हुआंग अपने जन्मस्थान ताइवान में लंबे समय से मशहूर हस्ती रहे हैं। मंगलवार को वहां कुछ लोगों ने एनवीडिया के इस फैसले का स्वागत किया। कंपनी ने सोमवार को उन्हें फिर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाने का एलान किया था।

ताइपे में सूखे और संरक्षित फलों की एक दुकान में काम करने वाले 50 वर्षीय हू के-शिन ने हुआंग की तारीफ की। हुआंग पहले इस दुकान पर आया करते थे। उन्होंने कहा, 'वह काफी अहम व्यक्ति हैं। मैं बस इतना कह सकता हूं कि वह अच्छे इंसान हैं। वह वाकई बहुत अच्छे हैं। हम सभी उन्हें बहुत पसंद करते हैं।'

ताइपे शहर की रहने वाली सोफिया चाउ ने भी इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'वह एआई उद्योग की एक प्रमुख हस्ती हैं, है ना? ताइवान के कई उद्योगों को अभी भी विकास के लिए एआई की जरूरत है। इसलिए एक आम व्यक्ति के नजरिये से मैं उनकी वापसी से खुश हूं।'

हुआंग की वापसी को सही क्यों मान रहे लोग?
ताइपे में टोफू पुडिंग की दुकान चलाने वाली जेन हेसिएह भी हुआंग के पद से हटने की रिपोर्ट सुनकर हैरान थीं। हुआंग उनकी दुकान पर भी आ चुके हैं। लेकिन अब उनकी वापसी के बाद जेन का कहना है कि यह फैसला सही है। उन्होंने कहा, 'कंपनी को अभी भी उनकी जरूरत है। शेयर बाजार को देखिए।' हुआंग की वापसी के बाद एशियाई शेयर बाजारों में आई तेजी का जिक्र करते हुए उन्होंने यह बात कही।


जेन ने आगे कहा, 'हर कोई खुश है। निवेशक खुश हैं। ऐसा लगता है कि एआई उद्योग के लिए उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उनका कोई विकल्प नहीं है। वही सबसे अहम व्यक्ति हैं।'

ताइवान से क्या है हुआंग का रिश्ता?
हुआंग का जन्म ताइवान में हुआ था। उन्होंने अपने शुरुआती साल वहीं बिताए। इसके बाद पढ़ाई के लिए वह अमेरिका चले गए। हालांकि, उन्होंने ताइवान से अपना जुड़ाव बनाए रखा। वह कारोबारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए नियमित रूप से इस द्वीप पर आते रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed