स्पाइसजेट संकट गहराया: बेड़े में बचे सिर्फ 6 विमान,रोजाना उड़ रही 20 उड़ानें; यात्रियों की शिकायतें भी बढ़ीं
आर्थिक संकट से उबरने के लिए स्पाइसजेट 5,500 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने की तैयारी में है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 18 नवंबर को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसका मकसद आर्थिक स्थिति मजबूत करना और एयरलाइन का परिचालन दोबारा पटरी पर लाना है।
विस्तार
आर्थिक संकट से जूझ रही स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। एयरलाइन के पास अब सिर्फ छह विमान बचे हैं। इनसे रोजाना 20 से कुछ अधिक उड़ानें संचालित हो रही हैं। वहीं, 22 नवंबर तक एयरलाइन के खिलाफ यात्रियों की 8,671 शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। इस बीच कंपनी के प्रवर्तक अजय सिंह ने सोमवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात कर एयरलाइन के हालात की जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, स्पाइसजेट के बेड़े में दो क्यू-400 टर्बोप्रॉप और चार बोइंग 737 एनजी विमान हैं। एयरलाइन फिलहाल दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-श्रीनगर, दिल्ली-धर्मशाला, पटना और दरभंगा समेत चुनिंदा मार्गों पर उड़ानें चला रही है।
डीजीसीए ने सात दिन में मांगा जवाब
लगातार परिचालन बाधाओं और यात्रियों की बढ़ती शिकायतों के बीच नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 17 नवंबर को एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उड़ानें रद्द होने, भुगतान में देरी से परिचालन प्रभावित होने और नियमों के कथित उल्लंघन पर जवाब मांगा गया था। एयरलाइन को सात दिन का समय दिया गया था।
डीजीसीए के मुताबिक, स्पाइसजेट के ज्यादातर विमान जमीन पर खड़े हैं। इन्हें दोबारा सेवा में लाने के लिए एयरलाइन ने कोई ठोस योजना भी नहीं दी है। नोटिस में रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस का बार-बार उल्लंघन, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की पात्रता शर्तें पूरी नहीं करने, मई में लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने और अनिवार्य बीमा के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता जैसे मुद्दे भी उठाए गए थे।
तीन दिन में करीब एक हजार शिकायतें बढ़ीं
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एयरसेवा डैशबोर्ड के अनुसार, 22 नवंबर तक स्पाइसजेट के खिलाफ 8,671 शिकायतें दर्ज थीं। 19 नवंबर को यह आंकड़ा 7,674 था। यानी तीन दिन में करीब एक हजार शिकायतें बढ़ गईं।आर्थिक तंगी के चलते एयरलाइन फिलहाल नकद भुगतान के आधार पर काम कर रही है। उसे हवाईअड्डों की सुविधाओं का इस्तेमाल करने और ईंधन खरीदने के लिए पहले ही भुगतान करना पड़ रहा है।
वेतन में देरी को पायलट संघ ने बताया सुरक्षा के लिए खतरा
स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति पर एयरलाइन पायलट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अल्पा इंडिया) ने भी चिंता जताई है। संगठन ने मंत्रालय को पत्र लिखकर स्पाइसजेट समेत आर्थिक संकट से जूझ रही एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करने की मांग की है।
17 नवंबर के पत्र में संगठन ने विमान रखरखाव के संसाधनों की निगरानी बढ़ाने और चालक दल को समय पर वेतन देने की मांग की है। साथ ही, अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन होने पर कर्मचारियों को जल्द रिलीव करने या अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने की व्यवस्था बनाने को कहा है।
अल्पा इंडिया के मुताबिक, वेतन में लगातार देरी से पायलटों और केबिन क्रू पर आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव बढ़ता है। इससे उनकी सतर्कता, एकाग्रता और फैसले लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
संगठन ने कहा कि आर्थिक तंगी का असर विमान रखरखाव कंपनियों, कलपुर्जे आपूर्तिकर्ताओं और जरूरी सेवाएं देने वाली एजेंसियों के भुगतान पर भी पड़ सकता है। इससे विमान खड़े होने और उड़ानों में बाधा आने का खतरा है। इंजीनियरिंग कर्मचारियों पर भी काम का दबाव बढ़ सकता है।
डीजीसीए की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
पायलट संघ ने डीजीसीए की कार्रवाई में कथित असमानता पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि पायलटों के नौकरी छोड़ने पर नियामक नोटिस अवधि और एनओसी की शर्तें सख्ती से लागू करता है। लेकिन वेतन नहीं मिलने पर इसे कंपनी और कर्मचारी के बीच का मामला बताकर हस्तक्षेप से इनकार किया जाता है।
5,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
आर्थिक संकट से उबरने के लिए स्पाइसजेट 5,500 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने की तैयारी में है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 18 नवंबर को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसका मकसद आर्थिक स्थिति मजबूत करना और एयरलाइन का परिचालन दोबारा पटरी पर लाना है। इसके लिए शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरी जरूरी होगी।
निदेशक मंडल को संभावित निवेशकों के साथ चल रही बातचीत की जानकारी दी गई। प्रबंधन को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
