वाराणसी: जनशिकायतों के निपटारे में खराब प्रदर्शन पर पुलिस कमिश्नरेट में तबादला, युवा पुलिसकर्मियों को कमान
वाराणसी पुलिस कमिश्वरेट में जनशिकायतों के निपटारे में खराब प्रदर्शन पर तबादला एक्सप्रेस चली। इस दौरान युवा पुलिसकर्मियों को थाने की कमान सौंपी गई। चार प्रभारी निरीक्षक पुलिस लाइन भेजे गए। छह थानाध्यक्ष भी बदले गए।
विस्तार
वाराणसी में जनशिकायतों के निपटारे में खराब प्रदर्शन वाले प्रभारी निरीक्षक और दरोगा को फील्ड की तैनाती से हटा दिया गया है। युवा और तकनीकी रूप से मजबूत पुलिसकर्मियों को थाने में तैनाती दी गई है। पुलिस कमिश्नरेट में 201 प्रभारी निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का तबादला किया गया है।
थाना प्रभारी भेलूपुर के दुर्गा सिंह, फूलपुर के अजय राज वर्मा, चोलापुर के सधुवन राम गौतम और लक्सा के राजू कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया है। मंडुवाडीह, जंसा, सिगरा, सारनाथ, लोहता और रामनगर के भी थानाध्यक्ष बदले गए हैं।
अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने 16 नवंबर को स्थापना बोर्ड के निर्णय के क्रम में स्थानांतरण आदेश जारी किया। इसके तहत काशी, वरुणा और गोमती जोन के साथ पुलिस लाइन में भी नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार, सबसे अधिक 80 उपनिरीक्षकों को वरुणा जोन भेजा गया है। वहीं, 69 उपनिरीक्षकों की तैनाती काशी जोन में की गई है। गोमती जोन में 14 दरोगाओं को भेजा गया है, जबकि 38 उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन में तैनात किया गया है।
काशी जोन में वरुणा और गोमती जोन के थानों के साथ पुलिस लाइन से भी दरोगाओं को भेजा गया है। वरुणा में काशी जोन, पुलिस लाइन से उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है। गोमती जोन में भी काशी और वरुणा जोन के थानों से दरोगाओं को भेजा गया है।
तकनीकी एक्सपर्ट और युवा उपनिरीक्षकों को फील्ड में तैनाती दी गई है। कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए फेरबदल किया गया है। -मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त
