पवन सिंह: धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा सुनने पहुंचे पावर स्टार, मंच से सुनाए भजन, राजा भैया को लेकर कही ये बात
- इन दिनों कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा चल रही है।
- यहां भोजुपरी एक्टर-सिंगर पवन सिंह भी पहुंचे और बागेश्वर धाम वाले बाबा से मुलाकात की।
- उन्होंने कथावाचक से मुलाकात की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
विस्तार
भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने हाल ही में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। दरअसल, अभिनेता कुंडा में चल रही धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंच से कुछ भजन भी गाए, जिन पर श्रद्धालु झूम उठे।
पवन सिंह ने गाए भजन
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती में इन दिनों बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा कह रहे हैं। इस कथा में कई चर्चित लोग भी पहुंच रहे हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह भी कथा सुनने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खुद भी भजन गाए। पवन सिंह ने कुंडा से विधायक राजा भैया का भी जिक्र किया।
साझा कीं मुलाकात की तस्वीरें
पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने इसके साथ लिखा है, 'प्रेम से बोलिए बाबा बागेश्वर धाम सरकार की जय'। बता दें कि पवन सिंह जब पहुंचे तो खुद राजा भैया उन्हें स्टेज पर लेकर गए। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से पवन सिंह का परिचय कराते हुए कहा कि ये भोजपुरी इंडस्ट्री के सितारे हैं।
बोले- 'राजा भैया के आशीर्वाद से आ पाए'
पवन सिंह के आते ही पूरे पंडाल तालियां बजने लगीं। लोग जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे। पवन सिंह ने भी भजन गाकर माहौल और भक्तिमय कर दिया। इस मौके पर पवन सिंह ने कहा कि राजा भैया के आशीर्वाद से ही उन्हें इस पावन कथा में शामिल होने का मौका मिल पाया है। इसे उन्होंने अपना सौभाग्य बताया।
